नववर्ष
2019 के आगमन के साथ ही सनातन धर्म के
महापर्व “कुम्भ” का आगाज़ भी हो जाएगा। वर्ष
2019 में “कुम्भ”
महापर्व का प्रथम शाही स्नान मकर सँक्रान्ति को होने जा रहा है। जिसमें देश के प्रमुख
साधु-सन्तों के साथ-साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालुगण "प्रयागराज" स्थित त्रिवेणी में
स्नान कर पुण्य अर्जित करेंगे। वर्ष 2019 में होने जा रहे “कुम्भ” में 3 “शाही-स्नान” के अतिरिक्त 5 “पर्व- स्नान” भी होंगे।
कुम्भ आयोजन का महत्त्व-
-------------------------------
कुम्भ के आयोजन में नवग्रहों में सूर्य, चन्द्र, गुरु और शनि की भूमिका
महत्वपूर्ण मानी जाती है। इसलिए इन्हीं ग्रहों की गोचर में विशेष स्थितिवश "कुम्भ"
का आयोजन होता है। सागर मँथन
से जब अमृत कलश प्राप्त हुआ तब अमृत-घट को लेकर देवताओं और असुरों में खींचतान प्रारम्भ
हो गयी। इसमें अमृत कलश से छलक कर अमृत की बूँद जहाँ पर गिरी वहाँ पर "कुम्भ"
का आयोजन किया जाने लगा। "कुम्भ" का आयोजन हरिद्वार, प्रयागराज, उज्जैन व नासिक में
किया जाता है। अमृत की छीनाछपटी के समय चन्द्रमा ने अमृत को बहने से बचाया। गुरू ने
कलश को छुपा कर रखा। सूर्य देव ने कलश को फूटने से बचाया और शनि ने इन्द्र के कोप से
रक्षा की। चूँकि इन चार ग्रहों के सहयोग से ही
अमृत की रक्षा हुई थी इसलिए जब भी इन ग्रहों का राशि-अनुसार विशेष सँयोग होता है तब "कुम्भ" का आयोजन होता है। "कुम्भ" का प्रारम्भ आदि शंकराचार्य ने
किया था। "कुम्भ" का व्यावहारिक पक्ष देखें तो प्राचीन काल में साधु-संन्यासी
मेले इत्यादि जैसे मनोरँजक कार्यक्रमों में हिस्सा
नहीं लेते थे और समस्त साधु-संन्यासियों का एक ही स्थान पर दर्शन कर पाना आम नागरिकों
के लिए भी सम्भव नहीं था किंचित इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर "कुम्भ"
मेले की परम्परा का प्रारम्भ हुआ। "कुम्भ" में हमारे देश के प्रसिद्ध अखाड़ों
का शाही-स्नान आकर्षण का प्रमुख केन्द्र होता है। ऐसी मान्यता है कि "कुम्भ-स्नान"
करने से व्यक्ति आवागमन के दुष्चक्र से छूटकर मोक्ष को प्राप्त करता है।
आईए जानते हैं शाही व पर्व स्नान की तिथियाँ -
------------------------------------------------------------
1. प्रथम शाही स्नान- 15 जनवरी 2019- मकर संक्रान्ति
2. द्वितीय शाही स्नान- 4 फरवरी 2019- मौनी अमावस्या
3. तृतीय शाही स्नान- 10 फरवरी 2019- वसंत पंचमी
पर्व स्नान-
------------
1. 17 जनवरी 2019- पौष एकादशी
2. 21 जनवरी 2019- पौष पूर्णिमा
3. 16 फरवरी 2019- माघी एकादशी
4. 19 फरवरी 2019- माघी पूर्णिमा
5. 4 मार्च 2019- महाशिवरात्रि
-ज्योतिर्विद् पं. हेमन्त रिछारिया
प्रारब्ध ज्योतिष परामर्श केन्द्र
सम्पर्क: astropoint_hbd@yahoo.com

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें