सोमवार, 18 फ़रवरी 2019

दस का दम

विश्व की प्रमुख 10 मिसाईलें
------------------------------

  
1. मिसाईल का नाम : LGM-30 माइन्यूटमैन
मारक क्षमता- 13000 कि.मी.
विशेषता- ये एक साथ 3 परमाणु हथियारों को ले जाने एवं अलग-अलग लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है।
देश-अमेरिका

2. मिसाईल का नाम : R-36
मारक क्षमता- 10000 कि.मी. से 16000 कि.मी. तक।
विशेषता-ये मिसाईल ये एक साथ 10 से ज्यादा ठिकानों पर निशाना साधने में सक्षम है।
देश-रूस

3. मिसाईल का नाम : डोंगफेंग-41
मारक क्षमता-
14000 कि.मी. तक।
विशेषता- ये मिसाईल मैक-25 की गति से हमला करने एवं एक साथ कई लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है। ये परमाणु हथियारों को ढोने में भी सक्षम है। इसे जल,थल, वायु कहीं से भी छोड़ा जा सकता है।
देश-चीन

4. मिसाईल का नाम : UGM-133 (ट्राइडेंट II)
मारक क्षमता- 7840 कि.मी. तक।
विशेषता- ये मिसाईल परमाणु हथियारों से लैस है व एक साथ कई लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है। ये बैलिस्टिक मिसाइल पानी के अंदर से भी दागी जा सकती है।
देश-अमेरिका और ब्रिटेन

5. मिसाईल का नाम : BGM-109 टॉमहॉक
मारक क्षमता-
1500 कि.मी. तक।
विशेषता- ये सबसोनिक क्रूज़ मिसाइलों की श्रेणी में सबसे खतरनाक मिसाइल है।
देश-अमेरिका

6. मिसाईल का नाम : ब्रह्मोस
मारक क्षमता- 290 कि.मी. तक ।
विशेषता-
सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल की श्रेणी में दुनिया की उन गिनी-चुनी मिसाइलों में से एक है, जिसे जल, थल, वायु कहीं से भी दागा जा सकता है। यह सिर्फ 10 मीटर की ऊंचाई पर उड़ने की भी क्षमता रखती है, जिसकी वजह से इसे रडार से कभी पकड़ा नहीं जा सकता। यह विश्व की सबसे खतरनाक मिसाइलों में से एक है।
देश-भारत

7.मिसाईल का नाम
: अग्नि-5
मारक क्षमता- 5500 कि.मी. से 7000 कि.मी. तक।
विशेषता- परमाणु हथियारों को ले जाने में सक्षम एवं एक साथ कई लक्ष्यों को भेद सकती है।
देश-भारत

8.मिसाईल का नाम : MIM-120 (एडवांस्ड मीडियम रेंज एयर टू एयर मिसाइल-एम्राम)
मारक क्षमता- हवा से हवा में मार करने वाली।
विशेषता- ये लगभग सभी लड़ाकू विमानों जैसे एफ-22, यूरोफाइटर टाइफून, एफ-15, एफ-16, सी-हैरियर, टोरनेडो में फिट हो सकती है तथा आंतरिक तौर पर रडार से बचने की क्षमता रखती है। भारी वारहेड ले जाने एवं एक साथ कई लक्ष्य भेदने में सक्षम है।
देश-अमेरिका

9.मिसाईल का नाम : आईरिस-टी
मारक क्षमता- 25 किमी. तक
विशेषता- लेजर गाइडेड तकनीक के दम पर ये 100 फीसदी लक्ष्य को भेदती है। यह हर तरह के लक्ष्य के साथ-साथ पानी के भीतर भी लक्ष्य को भेदने में सक्षम है।
देश-जर्मनी, ग्रीस, इटली, स्पेन

10.मिसाईल का नाम : पैथन-5
मारक क्षमता- यह बहुत कम दूरी के लक्ष्यों को कुशलता से नष्ट करती है।
विशेषता- यह दोहरे वेबबैंड फोकल प्लेन एरे(एफपीए) दृश्यता प्रणाली, आधुनिक नेविगेशन प्रणाली और एडवांस इंफ्रारेड काउंटर प्रणाली से लैस है।
देश-विश्व के 10 अधिक देश


-साभार


रविवार, 17 फ़रवरी 2019

मातृभूमि


पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को सादर समर्पित रचना-
----------------------------------------------------------------------
 

हे मातृभूमि तेरे चरणों में अन्तिम वन्दन करता हूं,
पुष्प नहीं पर पुष्प तुल्य ये शीश समर्पित करता हूं।

मां तेरी विरहा ने मुझको बहुत रुलाया
धन्यभागी हूं मैं जो तूने पास बुलाया
जिन रक्तकणों में प्यार तेरा है
वो हर कण समर्पित करता हूं।
पुष्प नहीं पर पुष्प तुल्य ये .....

तेरा ऋणी रहा जननी मैं तो सदा जीवन में
ऋण चुकाने आऊंगा फ़िर से मानव तन में
तुझको मैं अपना हर जन्म समर्पित करता हूं।
पुष्प नहीं पर पुष्प तुल्य ये .....

धन्य वो मां जो भेजे रण में प्राणों से भी प्यारा लाल
उसकी करे जहां प्रतीक्षा कदम-कदम पर कलिकाल
काल भी मैं मर्दन करके खलभाल समर्पित करता हूं।
पुष्प नहीं पर पुष्प तुल्य ये .....

कवि-ज्योतिर्विद् पं. हेमन्त रिछारिया





शनिवार, 16 फ़रवरी 2019

सच्ची श्रद्धांजलि...


आज समूचा देश पुलवामा में हुए आतंकी हमले से स्तब्ध है। हर देशवासी की आँखें नम है। चहुँओर जहाँ आतंकियों के इस कायराना कुकृत्य की निन्दा हो रही है वहीं इस आतंकी हमले में शहीद हुए 40 वीर जवानों को श्रद्धासुमन भी अर्पित किए जा रहे हैं। देश का हर नागरिक आज यथासामर्थ्य अपने शहीदों को विदाई दे रहा है, श्रद्धांजलि दे रहा है। अधिकाँश लोग सोशल मीडिया के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पण कर रहे हैं। राजनीतिक व सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े व्यक्ति सभागारों व चौक-चौराहों पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर माँ भारती की सेवा करते हुए शहीद हो चुके वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। हमारे देश में श्रद्धांजलि देने का यह सर्वाधिक सुलभ तरीका है, लेकिन क्या यह उन शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है! इस पर आज विचार करना आवश्यक है। जब भी देश में इस प्रकार की घटनाएँ होती हैं हम इसी प्रकार बैनर-पोस्टर व सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी श्रद्धांजलि का प्रकटीकरण कर अपने कर्त्तव्य का औपचारिक निर्वहन करते हुए स्वयं को संतुष्ट कर लेते हैं। क्या हमने कभी इस बात पर विचार किया है कि इस प्रकार सुलभ श्रद्धांजलि व्यक्त कर हम उन शहीदों को ही नहीं अपितु स्वयं को भी धोखा दे रहे हैं। इस प्रकार की श्रद्धांजलि एक आत्मवंचना है। मेरी यह बात आपको निश्चित ही कड़वी लगी होगी किन्तु सत्य सदैव कड़वा होता है। यदि ऐसा नहीं है तो सामान्य दिनों में हमारी दिनचर्या व आचरण अपने देश के प्रति श्रद्धा व प्रेम से परिपूर्ण क्यों नहीं होता? आख़िर हम उन शहीदों को ही तो श्रद्धांजलि देकर अपनी देशभक्ति का प्रकटीकरण कर रहें हैं जिन्होंने देशसेवा के लिए अपने प्राणों तक को न्यौछावर कर दिया। फ़िर क्यों नहीं हम उनकी शहादत से प्रेरणा लेकर अपनी दैनिक दिनचर्या व आचरण में देशभक्ति व देशसेवा को सम्मिलित करते! हम क्यों नहीं अपने राष्ट्र के प्रति निष्ठावान रहते! जब भी देश में कोई आन्दोलन या विरोध प्रदर्शन होते हैं; जिनमें से अधिकतर निजी स्वार्थ के लिए किए जाते हैं, तो हमारे द्वारा राष्ट्र की सम्पत्ति को कितना नुकसान पहुँचाया जाता है। सरकारी सम्पत्तियों, राजमार्गों, बसों, रेल इत्यादि में तोड़फ़ोड़-आगजनी यह सब हम ही तो करते हैं। शासकीय योजनाओं में भ्रष्टाचार भी हम ही करते हैं। निष्ठापूर्वक व ईमानदारी से अपना कार्य करने के स्थान पर रिश्वत लेकर कार्य हम करते हैं और सबसे बड़ी बात यह कि देशहित के स्थान पर अपने निजी हित को ध्यान में रखकर अपने वोट की नीलामी भी हम ही करते हैं। फ़िर किस मुँह से हम अपने देशभक्त होने का दम्भ भरते हैं? केवल इसलिए कि हमने शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए अपने वाट्स-अप की डी.पी. में मोमबत्ती की फ़ोटो लगा ली या किसी चौक-चौराहे पर दो मिनिट का मौन रखकर तस्वीर खिंचा ली या फ़िर ऊँचे स्वर में "मुर्दाबाद" के नारे लगाकर दुश्मन देश का पुतला जला दिया। क्या इतने भर से हम देशभक्त कहलाने के अधिकारी हो जाएँगे? कितने लोग हैं जो केवल स्वदेशी सामान का उपयोग अपने दैनिक जीवन में करते हैं? कितने लोग हैं जो आतंकियों का साथ देने वाले देश की सामग्री का बहिष्कार करते हैं? कितने लोग हैं जो सेना के जवानों के लिए बस या ट्रेन में अपनी सीट छोड़ देते हैं या लाईन में स्वयं पीछे होकर उन्हें आगे कर देते हैं? मेरे देखे शहीदों की जयन्ती-पुण्यतिथि मनाना व श्रद्धांजलि कार्यक्रम करना अपनी जगह सही है लेकिन अपने शहीदों व राष्ट्र के प्रति सच्ची श्रद्धा व निष्ठा रखना उससे कहीं अधिक श्रेष्ठ बात है। यदि हम अपने शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं तो उनसे प्रेरणा लेकर वह कार्य करें जिसके लिए उन्होंने अपने प्राणों तक का बलिदान दे दिया, वह है- देशप्रेम व अपने देश के प्रति निष्ठा। जिस दिन हम एक भी कार्य ऐसा करेंगे जिसका उद्देश्य निजी हित के स्थान पर देशहित होगा केवल उसी दिन हम अपने शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे पाएँगे।

-ज्योतिर्विद् पं. हेमन्त रिछारिया



रविवार, 10 फ़रवरी 2019

पंच सुभाषितम्




1. अनभ्यासे विषं विद्या, अजीर्णे भोजनं विषं। 
विषं सभा दरिद्रस्य, वृद्ध पुरूषस्य तरूणी विषं॥

अर्थ- बिना अभ्यास के विद्या विष के सामान है, बिना पचा भोजन विष के समान है, दरिद्रों की सभा विष के समान है और वृद्ध पुरूष के लिए जवान स्त्री विष के समान है।

2. असंतुष्टा द्विजा नष्टा: सन्तुष्टाश्च महीभुज:। 
सलज्जा गणिका नष्टा निर्लज्जाश्च कुलांगना॥

अर्थ- असंतुष्ट रहने से ब्राह्मण नष्ट हो जाते हैं, संतुष्ट रहने से राजा नष्ट हो जाते हैं, लज्जावान वेश्या नष्ट हो जाती है एवं कुल की स्त्रियां निर्लज्ज होने से नष्ट हो जाती हैं।

3. शान्तितुल्यं तपो नास्ति न सन्तोषात्परं सुखं। 
न तृष्ण्याया: परो व्याधि: न च धर्मो दयासम:॥

अर्थ- शान्ति के समान कोई तप नहीं है, सन्तोष के समान कोई सुख नहीं है, तृष्णा के समान कोई संकट नहीं है एवं दया के समान कोई धर्म नहीं है।

4. उद्योगे नास्ति दारिद्रयं जपतो नास्ति पातकम्।
मौने च कलहो नास्ति-नास्ति जागृतो भयम्॥

अर्थ- परिश्रम से दरिद्रता का नाश होता है, जप से पाप का नाश होता है, मौन से कलह का नाश होता है एवं जागरण से भय का नाश होता है।

5. कोकिलानां स्वरो रूपं स्त्रीणां रूपं पतिव्रतम्।
 विद्या रूपं कुरूपाणां क्षमा रूपं तपस्विनाम्॥

अर्थ-कोयल की वाणी ही उसका सौंदर्य (रूप) है, स्त्री के लिए पतिव्रत धर्म ही उसका सौंदर्य (रूप) है, कुरूप व्यक्ति के लिए उसकी विद्या ही उसका सौंदर्य (रूप) है एवं तपस्वियों के लिए क्षमा ही ही उनका सौंदर्य (रूप) है।

साभार- नीतिशास्त्र
प्रस्तुति: ज्योतिर्विद् पं. हेमन्त रिछारिया

शुक्रवार, 8 फ़रवरी 2019

किस लग्न में हो "पाणिग्रहण", दाम्पत्य में ना लगे ग्रहण-

विवाह हमारे षोडश संस्कारों में एक महत्त्वपूर्ण संस्कार माना गया है। जीवनसाथी के बिना व्यक्ति का जीवन अधूरा माना जाता है। विवाह योग्य आयु होने एवं उपयुक्त जीवनसाथी के चुनाव के पश्चात् अक्सर माता-पिता को अपने पुत्र-पुत्रियों के विवाह के मुहूर्त्त को लेकर बड़ी चिन्ता रहती है। सभी माता-पिता अपने पुत्र-पुत्रियों का विवाह श्रेष्ठ मुहूर्त्त में सम्पन्न करना चाहते हैं। विप्र एवं दैवज्ञ के लिए भी विवाह मुहूर्त्त का निर्धारण करना किसी चुनौती से कम नहीं होता है। विवाह मुहूर्त्त के निर्धारण में कई बातों का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक होता है। शास्त्रानुसार श्रेष्ठ मुहूर्त्त कई प्रकार के दोषों को शमन करने में समर्थ होता है। अत: विवाह के समय ’पाणिग्रहण’ संस्कार की लग्न का निर्धारण बड़ी ही सावधानी से करना चाहिए। विवाह लग्न का निर्धारण करते कुछ बातों एवं ग्रहस्थितियों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।  
किस लग्न का करें चुनाव-
विवाह लग्न का चुनाव करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि विवाह लग्न वर अथवा कन्या के जन्म लग्न व जन्मराशि से अष्टम राशि का ना हो।
अष्टमेश का स्थित होना अति-अशुभ-
विवाह लग्न के निर्धारण में यदि लग्न में जन्मलग्न के अष्टमेश की उपस्थिति हो तो उस लग्न को त्याग दें। विवाह लग्न में जन्मलग्न के अष्टमेश का होना अति-अशुभ होता है।

आईए अब जानते हैं कि विवाह लग्न में नवग्रह किन-किन भावों शुभ होते हैं-
-----------------------------------------------------------------------------------------
1. सूर्य- विवाह लग्न में सूर्य की 3,6,8,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
2. चन्द्र- विवाह लग्न में चन्द्र की 2,3,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
3. मंगल- विवाह लग्न में मंगल की 3,6,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
4. बुध- विवाह लग्न में बुध की 1,2,3,4,5,6,9,10,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
5. गुरू - विवाह लग्न में गुरू की 1,2,3,4,5,6,9,10,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
6. शुक्र- विवाह लग्न में शुक्र की 1,2,4,5,9,10,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
7. शनि -विवाह लग्न में शनि की 3,6,8,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
8. राहु- विवाह लग्न में राहु की 3,6,8,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।
9. केतु- विवाह लग्न में केतु की 3,6,8,11 भावों में स्थिति शुभ तथा शेष भावों स्थिति अशुभ होती है।

-ज्योतिर्विद् पं. हेमन्त रिछारिया
प्रारब्ध ज्योतिष परामर्श केन्द्र
सम्पर्क: astropoint_hbd@yahoo.com

गुरुवार, 31 जनवरी 2019

मौन दृष्टि निर्विकार चेहरा



मौन दृष्टि निर्विकार चेहरा है
शब्द कैद अधरों पर पहरा है

सुधियों के सागर में डूब रहे
लगता है दंश कोई गहरा है

भारी एकान्त और तरुणाई
दुर्बल से प्राण बोझ दोहरा है

भ्रम है; विश्वास जिसे समझे हो
यौवन बंजारा कब ठहरा है

कवि-गौरीखान "गुमराह" (बाबई)

उपर्युक्त कविता को सस्वर सुनने के लिए नीचे दिया गया वीडियो देखें-
पार्श्वस्वर: श्रीयुत राधेश्याम जी रावल 'बाबूजी' (उज्जैन)


सोमवार, 21 जनवरी 2019

सूर्यदेव